रुद्रपुर - US नगर जिले में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला पुलिस के हत्थे चढ़ी, 2019 में ऐसे आयी थी भारत 

 

रुद्रपुर (उधम सिंह नगर): जिले की पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के उत्तराखंड में निवास कर रही थी। अब पुलिस उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई पूरी कर 18 अक्टूबर को बांग्लादेश बॉर्डर पर भेजने की तैयारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिला का नाम रजिया बेगम, पुत्री अब्दुल माजिद मियां, निवासी ग्राम पन्जोरा, थाना कालीगंज, जिला गाजीपुर (बांग्लादेश) है। रजिया वर्ष 2019 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से नाजिम कुरेशी, निवासी इस्लामनगर, गदरपुर से संपर्क में आई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और फिर रिश्ते ने विवाह का रूप ले लिया।

वर्ष 2019 में रजिया वैध पासपोर्ट और वीजा पर भारत आई और 31 मई 2019 को नाजिम से विवाह किया। वीजा समाप्त होने के बाद वह बांग्लादेश लौटी, लेकिन पुनः भारत लौटकर 2020 में यहां बस गई। इसके बाद 30 दिसंबर 2020 को उसका वीजा समाप्त हो गया और मई 2024 में पासपोर्ट की वैधता भी खत्म हो गई। बावजूद इसके, वह अवैध रूप से भारत में रह रही थी।

पुलिस जांच में पता चला कि रजिया वर्ष 2022 से अगस्त 2025 तक अपने पति के साथ हरियाणा में निवासरत रही। इसके बाद वह दोबारा गदरपुर आकर रहने लगी। खुफिया एजेंसी और जनपद पुलिस को इसकी सूचना मिलने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। फिलहाल, पुलिस ने रजिया बेगम के दस्तावेजों की जांच और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। अधिकारियों के अनुसार, उसे 18 अक्टूबर को बांग्लादेश बॉर्डर पर ले जाकर डिपोर्ट किया जाएगा।