उत्तराखंड - हल्द्वानी की 23 वर्षीय शिक्षिका ने की आत्महत्या, कमरे में पंखे से लटकता मिला शव, घर में मचा कोहराम
उत्तराखंड - राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के बालावाला इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक निजी विद्यालय में पढ़ाने वाली 23 वर्षीय शिक्षिका ने अपने किराए के कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान राजलक्ष्मी, पुत्री लोकेश पांडे, के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हल्द्वानी के मोती नगर की रहने वाली थी। फिलहाल वह देहरादून के बालावाला स्थित शिव शक्ति एन्क्लेव में एक मकान की पहली मंजिल पर किराए के कमरे में अकेली रहती थी और एक निजी स्कूल में बतौर शिक्षिका कार्यरत थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को राजलक्ष्मी अपने दोस्तों के साथ होली का त्योहार मनाने बाहर गई थी। इस दौरान वह सामान्य और खुश दिखाई दे रही थी। रात करीब 9 बजे उसके दोस्त उसे घर छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि करीब 15 मिनट बाद नीचे रहने वाले किरायेदार विमल भट्ट की बेटी हर्षिता किसी काम से ऊपर गई। जैसे ही उसने कमरे के अंदर का दृश्य देखा, वह घबरा गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। कमरे के अंदर राजलक्ष्मी पंखे से फंदा लगाकर लटकी हुई थी।
हर्षिता की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजे की जाली तोड़कर अंदर घुसे। लोगों ने तुरंत राजलक्ष्मी को नीचे उतारा और उसे कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रायपुर थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतका के दोस्तों से पूछताछ कर रही है और उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं। पुलिस के अनुसार मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इस अचानक हुई घटना से परिवार, परिचितों और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।