हल्द्वानी - खेलकर घर आया गर्मी से राहत के लिए 14 वर्षीय छात्र कूलर चलाने लगा, करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत 
 

 

हल्द्वानी - फारेस्ट रिसर्च सेंटर परिसर में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें कूलर में करंट आने से 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, मूलरूप से जिले के हरीशताल निवासी संतोष आर्या पिछले 14 वर्षों से वन विभाग के फारेस्ट रिसर्च सेंटर में दैनिक वेतनभोगी वाचर के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार के साथ रिसर्च सेंटर के सरकारी आवास में ही रहते हैं।

गुरुवार शाम उनका 14 वर्षीय बेटा राकेश आर्या खेलकर घर लौटा और गर्मी लगने पर कूलर चलाने लगा। इसी दौरान जैसे ही उसने कूलर को छुआ, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। परिजन जब तक कुछ समझ पाते और उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

मृतक राकेश आर्या एचएन इंटर कॉलेज में कक्षा 10वीं का छात्र था और इस वर्ष बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई में काफी होनहार था और परिवार की उम्मीदों का केंद्र था। परिवार में माता-पिता और बड़ा भाई हैं, जो इंटरमीडिएट में पढ़ता है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

14 साल का दर्दनाक संयोग - 
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता संतोष आर्या ने रोते-बिलखते बताया कि एक अजीब संयोग ने परिवार को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि ठीक 14 साल पहले पहाड़ी कैलेंडर के अनुसार 14 गते को ही राकेश का जन्म हुआ था और आज 14 गते को ही उसकी मौत हो गई।