हल्द्वानी - दुःखद, डंपर की टक्कर से 14 वर्षीय किशोरी की मौत, पिता घायल मचा कोहराम, पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया
हल्द्वानी - हल्द्वानी-बरेली हाईवे पर हल्दूचौड़ में गायत्री कुंज के पास गुरुवार को डंपर और स्कूटी की टक्कर में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा, जहां उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया। उसके पिता का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को करीब 11:35 बजे हाईवे पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर स्कूटी संख्या यूके 06 एयू-1303 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली।
बताया गया कि स्कूटी पर किच्छा के बंडिया खाद गोदाम नहर के पास निवासी करीब 42 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र हेतराम अपनी 14 वर्षीय बेटी प्रेरणा के साथ सवार थे। इसी दौरान डंपर और स्कूटी की टक्कर हो गई, जिसमें दोनों घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा। उपचार के दौरान प्रेरणा की मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र कुमार का उपचार चल रहा है।
हादसे में शामिल डंपर संख्या यूके 06सीसी-6222 को पुलिस ने कब्जे में लेकर दोनों वाहनों को चौकी परिसर में खड़ा करा दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।