रुद्रपुर - दिनेशपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 350 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच, द हिमालयन इम्पैक्ट ट्रस्ट की बड़ी पहल
रुद्रपुर - दिनेशपुर खानपुर पुरब, अनंतखेड़ा और आसपास के गांवों के करीब 350 ग्रामीणों ने दिनेशपुर स्थित सिक्स सिग्मा इंस्टीट्यूट में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। द हिमालयन इम्पैक्ट ट्रस्ट (THIT) की पहल पर आयोजित शिविर में ग्रामीणों को चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां, स्वास्थ्य सप्लीमेंट और पौष्टिक खाद्य सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर का आयोजन द हिमालयन इम्पैक्ट ट्रस्ट की ओर से किया गया। लुकास टीवीएस रुद्रपुर के सीएसआर कार्यक्रम के तहत शिविर को सहयोग मिला, जबकि उजाला सिग्नस हॉस्पिटल्स और सिक्स सिग्मा इंस्टीट्यूट ने सहभागिता की। शिविर का उद्घाटन रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, लुकास टीवीएस के एचआर हेड वीपी सिंह, द हिमालयन इम्पैक्ट ट्रस्ट की संस्थापक डॉ. श्रुति तिवारी, सिक्स सिग्मा इंस्टीट्यूट की निदेशक सीमा अरोड़ा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ महिला स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श दिया। इस दौरान रक्तचाप और ब्लड शुगर की भी जांच की गई। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को पोषण, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।
ग्रामीणों को स्वास्थ्यवर्धक सप्लीमेंट के रूप में कैल्शियम, आयरन और मल्टीविटामिन उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही दलिया, तिल और चना समेत अन्य खाद्य सामग्री का भी निःशुल्क वितरण किया गया। शिविर में महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी से यह स्पष्ट हुआ कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य जागरूकता की जरूरत बनी हुई है।
द हिमालयन इम्पैक्ट ट्रस्ट की संस्थापक डॉ. श्रुति तिवारी ने कहा कि गांवों के लोगों के साथ सीधे संपर्क और शिविर से पहले की गई तैयारियों के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से 350 लोगों तक जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनका कहना है कि संस्था का प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण समुदायों के और करीब ले जाना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच और उपचार संबंधी सलाह मिल सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और वंचित समुदायों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता के साथ निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना जरूरी है। संस्था भविष्य में भी स्वास्थ्य संस्थानों, कॉरपोरेट भागीदारों और स्थानीय समुदायों के सहयोग से इस तरह के शिविर आयोजित करने की दिशा में काम करती रहेगी। आयोजकों ने कहा कि उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रखे जाएंगे।