हल्द्वानी - शहर में लावारिस कुत्तों का आतंक, पार्षद के भाई समेत 15 लोग घायल, किसी की नाक तो किसी के हाथ नोंचे 

 

हल्द्वानी - शहर में लावारिस कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। वार्ड-48 मल्ली बमौरी और वार्ड-पांच पॉलीशीट क्षेत्र में बीते दो दिनों के भीतर लावारिस कुत्तों ने 15 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ स्थानीय पार्षद के परिजन भी शामिल हैं। सभी घायलों को बेस अस्पताल व निजी अस्पतालों में एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं।

वार्ड-48 मल्ली बमौरी में मंगलवार को एक लावारिस कुत्ते ने नौ लोगों पर हमला कर दिया। यह सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा, जब कुत्ते ने पांच और लोगों को काट लिया। घायलों में स्थानीय पार्षद के भाई विनीत बल्यूटिया, पूरन सिंह भोज, गीता पंत, अर्जुन यादव और गीता शामिल हैं।

कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल विनीत बल्यूटिया को मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुत्ते ने उनकी नाक को बुरी तरह नोंच लिया, जिससे उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। उधर, वार्ड-पांच पॉलीशीट क्षेत्र में भी लावारिस कुत्तों का आतंक देखने को मिला, जहां राजीव पंत को कुत्ते ने काट लिया। बेस अस्पताल की इमरजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को कुल 58 लोगों को रैबीज के इंजेक्शन लगाए गए।

लोगों के लगातार घायल होने की सूचना पर नगर निगम की टीम बुधवार को सुबह और शाम दोनों समय संबंधित वार्डों में पहुंची, लेकिन खूंखार कुत्ते टीम को नहीं मिले। कुत्तों के न मिलने के कारण निगम की टीम को बैरंग लौटना पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों ने नगर निगम से लावारिस कुत्तों पर शीघ्र नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।