हल्द्वानी - यहां 11 साल के बच्चे की डूबकर हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
Apr 3, 2026, 15:31 IST
हल्द्वानी - कठघरिया स्थित बच्चीनगर में खेत में गेहूं कटाई के दौरान एक 11 साल का बच्चा आठ फीट गहरे पिट में गिर गया। वह गेहूं के बंडल को पानी में भीगाने के लिए गया था। परिवार वाले बच्चे को आधे घंटे तक ढूंढते रहे। बाद में जब पिट में नाबालिग की चप्पल तैरती हुई मिली तब उन्हें बच्चे के पिट में गिरने का अंदेशा हुआ।
मूल रूप से बदायूं के रहने वाले चंद्रभान कश्यप परिवार के साथ कटघरिया स्थित बच्ची नगर में किराए के मकान में रहते हैं। यहां रहकर वह मिस्त्री का काम करते हैं। जबकि परिवार के सदस्यों ने खेत में गेहूं कटाई का ठेका लिया था।
गुरुवार की शाम परिवार के साथ चंद्रभान का 11 वर्षीय छोटा बेटा सौरभ कश्यप खेत में गेहूं कटाई का काम कर रहा था। कटाई के बाद गेहूं की पौध का बंडल बनाने के लिए सौरभ खेत के समीप निर्माणाधीन दुकानों के पिट के पास पहुंचा। पानी से भरे आठ फीट गहरे पिट में वह जैसे ही बंडल भिगाने के लिए पहुंचा उसमें जा गिरा।
परिवार के लोग उसे आधे घंटे तक ढूंढते रहे। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचे पिता चंद्रभान ने बताया कि पांच भाई बहनों में सौरभ सबसे छोटा था। सौरभ पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण करके छठी कक्षा में पहुंच गया था। उसका अंतिम संस्कार बदायूं में किया जाएगा।