Kumaon News - खेलते-खेलते तालाब में डूबी बच्ची, हुई मौत, चप्पल देखकर परिजनों ने पानी में तलाशा शव
रुद्रपुर - घर के आसपास खेल रही बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो घर से सटे तालाब के किनारे उसकी चप्पल पड़ी मिली। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने तालाब में खोजबीन की, जहां बच्ची पानी में डूबी मिली। परिजन उसे तत्काल बाहर निकालकर निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
ग्राम प्रधान अवतार सिंह के मुताबिक बच्ची घर के आसपास खेल रही थी। खेलते-खेलते वह घर से सटे करीब 40×40 फीट के तालाब की ओर चली गई। तालाब में मछली पालन किया जाता है। कुछ देर बाद बच्ची के नजर नहीं आने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान तालाब के किनारे बच्ची की चप्पल दिखाई दी। इसके बाद परिजनों ने तालाब के पानी में खोजबीन शुरू की और बच्ची को पानी में डूबा पाया।
परिजन उसे आनन-फानन में बाहर निकालकर निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर दिनेशपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ शुरू करने के साथ ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि घटना की कई पहलुओं से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।