Kumaon News - घर से कोचिंग के लिए निकली 23 वर्षीय युवती रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता, पुलिस ने शुरू की तलाश

 

रुद्रपुर - ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से 23 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही युवती के संभावित ठिकानों और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।

पुलिस को दी गई तहरीर में नई बस्ती, ट्रांजिट कैंप निवासी पिता ने बताया कि उनकी 23 वर्षीय पुत्री 18 जून 2026 की सुबह करीब 10 बजे घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी। परिजनों के अनुसार वह रोजाना कोचिंग के बाद अपने कार्यालय भी जाती थी, लेकिन उस दिन वह न तो कार्यालय पहुंची और न ही देर शाम तक घर लौटी।

जब काफी देर तक युवती का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उसके दोस्तों, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर तलाश शुरू की, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद चिंतित पिता ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचकर पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर सौंपते हुए पुत्री की शीघ्र बरामदगी की मांग की। पुलिस को दिए गए हुलिये के अनुसार युवती की उम्र 23 वर्ष, रंग सावला, कद लगभग 5.2 फीट है। घर से निकलते समय उसने हरे और सफेद रंग की कुर्ती पहन रखी थी।

कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। युवती के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही उसके मोबाइल फोन, संपर्कों और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को युवती के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे उसे जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।