Kumaon Crime - दिनदहाड़े ताबड़तोड़ 15–25 राउंड फायरिंग से दहला तराई का यह शहर, पीछा कर कार पर बरसाईं गोलियां

 

Kumaon Crime - उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। स्कॉर्पियो सवार हमलावरों पर एक कार का पीछा करते हुए 15 से 25 राउंड फायरिंग करने का आरोप है। घटना में गुरुचरण उर्फ गगन उप्पल के पैर में गोली लग गई, जबकि उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, गगन उप्पल अपने साथियों के साथ रुद्रपुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपियों ने कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जान बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन कार नियंत्रण खो बैठी और नाले में जा गिरी। इस दौरान चली एक गोली गगन के पैर में लगी। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार हमलावर हथियारों और तलवारों से लैस थे। उन्होंने कार पर कई राउंड फायरिंग की और लोगों में दहशत फैलाने के लिए हवा में भी गोलियां चलाईं। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शी सौरभ बाबा ने बताया कि वह तीन अन्य लोगों के साथ कार में सवार थे। उनके अनुसार हमलावरों ने करीब 15 से 25 राउंड फायरिंग की। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले एक मेले में हुए विवाद के बाद कुछ लोग लगातार उनका पीछा कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने पहले भी गदरपुर पुलिस को कई बार तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

सीओ बाजपुर अखिलेश सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।