Kumaon Crime - नैनीताल घूमने आये चोरों ने यहां पूर्व प्रधान की कार में किया हाथ साफ़, राजस्थान के दो शातिर चोर यहां से गिरफ्तार

 

Uttarakhand Crime News - बाजपुर कोतवाली पुलिस ने एक सप्ताह पहले पूर्व ग्राम प्रधान की घर के बाहर से चोरी हुई कार को गढ़मुक्तेश्वर (उ.प्र.) से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को भी गिरफ्तार किया है। साथ ही, चोरी की वारदात में प्रयुक्त एक अन्य वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

सीओ विभव सैनी ने किया खुलासा - 
बृहस्पतिवार को मामले का खुलासा करते हुए सीओ विभव सैनी ने बताया कि 10 सितंबर को बरहैनी गांव के पूर्व प्रधान संदीप कुमार आनंद की क्रेटा कार उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

दो टीमों का गठन, कई राज्यों में की गई छानबीन - 
कोतवाल प्रवीण कोश्यारी की अगुवाई में दो टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सर्विलांस और स्थानीय मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश की गई।

गढ़मुक्तेश्वर फ्लाईओवर से मिली सफलता - 
18 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई कार गढ़मुक्तेश्वर फ्लाईओवर के नीचे खड़ी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेटा कार को बरामद करते हुए मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान हनुमान सिंह गुज्जर उर्फ हन्नी निवासी बनावड़, थाना मंडावर, जिला दौसा (राजस्थान) और सतीश गुज्जर निवासी हाडोली, थाना मंडावर, जिला दौसा (राजस्थान) के रूप में हुई है।

नैनीताल घूमने आए थे, वापसी में की चोरी - 
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे 8 सितंबर को नैनीताल घूमने आए थे। वापसी में 10 सितंबर को बाजपुर के बरहैनी क्षेत्र में पूर्व प्रधान की क्रेटा कार चोरी कर ली। वारदात में उन्होंने स्विफ्ट डिजायर कार का इस्तेमाल किया था, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

टोल से बचने को चुने संपर्क मार्ग - 
सीओ विभव सैनी के अनुसार, चोरी के बाद आरोपियों ने टोल प्लाजा से बचने के लिए बिना टोल बूथ वाले संपर्क मार्गों का इस्तेमाल किया और पुलिस की निगाह से बचकर गंतव्य तक पहुंचे।

पहले से हैं आपराधिक रिकॉर्ड वाले - 
गिरफ्तार आरोपी हनुमान सिंह पर थाना जवाहरनगर, राजस्थान में वर्ष 2016 में चोरी का मुकदमा, जबकि सतीश गुज्जर पर 2019 में अलवर जीआरपी थाना में चोरी का केस दर्ज है। दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पेशेवर वाहन चोर गिरोह से जुड़े हुए हैं।

नेपाल सीमा से जुड़ा गिरोह भी शक के घेरे में - 
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का संपर्क राजस्थान के एक कुख्यात वाहन तस्कर से है, जो चोरी के वाहनों को नेपाल सीमा से सटे इलाकों में बेचता है। इस एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।