Kumaon Crime - कार में मिला युवक का शव, माथे और गर्दन पर चोट के निशान, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
Kumaon Crime - काशीपुर रामनगर रोड पर राजपुर-प्रतापपुर के पास देर रात सड़क किनारे खड़ी कार में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान कुंडेश्वरी क्षेत्र के ग्राम बाजावाला निवासी संजीव (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजीव रामनगर के थारी क्षेत्र में टेंट की दुकान चलाता था। सोमवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच राजपुर-प्रतापपुर के पास सड़क किनारे खड़ी कार में उसका शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों के अनुसार, संजीव के माथे पर चोट और गर्दन पर गहरा घाव था। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।