Kumaon Crime - यहां दो स्पा सेंटर में छापेमारी के दौरान छह युवतियों को किया रेस्क्यू, आपत्तिजनक स्थिति में मिली युवक-युवतियां 

 

Kumaon Crime - काशीपुर शहर के फ्लाईओवर क्षेत्र में संचालित दो स्पा सेंटरों में पुलिस ने छापेमारी कर देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान मिजोरम सहित बाहरी राज्यों की छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि एक महिला संचालक समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार, पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि फ्लाईओवर स्थित “ब्यूटी क्वीन सैलून” और “सेटटेशन स्पा” में स्पा की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर मंगलवार शाम को संयुक्त टीम ने छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री और नकदी बरामद हुई। जांच के दौरान स्पा सेंटर के भीतर एक गुप्त कमरा भी मिला, जहां कुछ युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाई गईं। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से सभी युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

पुलिस ने मौके से दो संचालकों, एक ग्राहक और दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्क्यू की गई युवतियां मिजोरम की रहने वाली हैं, जिन्हें बहला-फुसलाकर इस अवैध धंधे में धकेला गया था। फिलहाल पुलिस स्पा सेंटर से बरामद दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।