Kumaon Crime - रुद्रपुर में खौफनाक वारदात, नकाबपोश बदमाशों ने युवक पर किया हमला, उंगली काटी, बाइक लूटकर फरार
रुद्रपुर - उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। प्रीत विहार क्षेत्र में चार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला कर उसकी एक उंगली काट दी और बाइक लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप के शिवनगर निवासी अरमान अपने दोस्तों के साथ एएनझा इंटर कॉलेज मैदान में बैठा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार नकाबपोश बदमाशों ने बिना किसी विवाद के अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि एक हमलावर ने अरमान के सिर पर तलवार से वार किया। बचाव के लिए हाथ आगे करने पर उसके बाएं हाथ की तीन उंगलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें एक पूरी तरह कट गई।
घटना के बाद आरोपी अरमान की बाइक लूटकर फरार हो गए। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश जारी है।