Kumaon Crime - कोर्ट परिसर के बाहर परिवार पर हमला, तीन साल की बच्ची को जबरन ले जाने का आरोप

 

रुद्रपुर - जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के बाहर शुक्रवार को वैवाहिक विवाद की सुनवाई में पहुंचे एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि 10 से 12 लोगों ने उनके साथ मारपीट की और तीन साल की बच्ची को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित निशांत सिंह के अनुसार वह अपनी पत्नी, साली और अन्य रिश्तेदारों के साथ अदालत में पेशी के लिए आए थे। उनका आरोप है कि कोर्ट गेट के बाहर पहले से मौजूद साली के पति, जेठ, सास सहित अन्य लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। मारपीट में निशांत सिंह के चेहरे और नाक पर चोटें आईं, जबकि साथ मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई। आरोप है कि हमलावर तीन बच्चों में से एक तीन वर्षीय बच्ची को जबरन अपने साथ सफेद रंग की अर्टिगा कार में बैठाकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।