Kumaon Crime - 10वीं की छात्रा से सामूहिक गैंगरेप कर निर्वस्त्र छोड़ हाथ-पैर बांध गए हैवान, एक भाजपा का नेता भी शामिल
Kumaon Crime - उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 10वीं की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष, एक पूर्व प्रधान और उनके सहयोगियों ने मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर की है, जहां छात्रा अपनी सहेली की मेहंदी रस्म में शामिल होने गई थी। आरोप है कि वहीं तीनों आरोपितों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद जब उसने घर फोन करने की कोशिश की तो आरोपितों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर उसे निर्वस्त्र अवस्था में कमरे में बंद कर दिया गया।
रात में परिजनों को शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संयुक्त अभियान चलाया और छात्रा को एक बंद कमरे से बरामद किया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई के साथ-साथ आइसक्रीम बेचकर परिवार का भरण-पोषण करती है और अपने बीमार पिता का इलाज भी कराती है। मां की मृत्यु के बाद से वही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही है।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों विनोद सिंह रावत, नवीन सिंह और पूरन सिंह रावत के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित पूरन सिंह रावत पूर्व प्रधान और भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं और पीड़िता की काउंसलिंग की जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।