Kumaon Crime - 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में तोड़ा दम 

 

Kumaon Crime - उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में गुरुवार शाम मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में 17 वर्षीय किशोर विक्रांत बागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल किशोर ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप निवासी विक्रांत बागी किसी काम से टिब्बा क्षेत्र गया था। इसी दौरान किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने तमंचे से विक्रांत पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल किशोर को जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

किशोर की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस हत्या की असली वजह की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विक्रांत टिब्बा क्षेत्र किस उद्देश्य से गया था और विवाद किन कारणों से हुआ।

सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और जांच दोनों पर लगातार नजर बनाए हुए है।