नैनीताल - भवाली मार्ग पर केएमओयू की बस पलटी, एक की मौत कई घायल, यहाँ जा रही थी बस
नैनीताल - जनपद नैनीताल के भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केएमओयू (KMOU) की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिसमें एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह बस हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के बिर्थी जा रही थी ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 07:27 बजे आपदा कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि बस सड़क पर पलटी हुई थी। चालक के अनुसार बस में करीब 15–16 यात्री सवार थे। एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा।
रेस्क्यू अभियान के दौरान सात घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीआरएफ और पुलिस ने घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन भी चलाया और अन्य यात्रियों की स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।