हरिद्वार में कांवड़ यात्री को मारी गोली, गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग लेकर लौट रहा था यहां का युवक

 

हरिद्वार - हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में रविवार देर रात एक कांवड़ यात्री को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। घायल युवक अपने साथियों के साथ गंगाजल लेकर ग्रेटर नोएडा लौट रहा था। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने दल के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा कर रहा था। देर रात उनका समूह गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान हाईवे पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच शोर-शराबे को लेकर कहासुनी हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद कुछ युवक पुल से नीचे आए और कांवड़ियों के पास पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने अजय पर गोली चला दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया।

 

बताया गया है कि अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ यात्रा पर निकला था। दल में करीब 10 सदस्य शामिल थे और उन्हें हरिद्वार से नोएडा तक लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि वे अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।