चम्पावत - पाटी नगर पंचायत में पवनदीप राजन के जीजा निर्दलीय नारायण लाल की शानदार जीत, भाजपा को झटका
चंपावत/उत्तराखंड - नवगठित पाटी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने 224 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। भाजपा ने इस चुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाते हुए पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन जनता ने अप्रत्याशित फैसला सुनाया। चुनाव परिणाम के अनुसार नारायण लाल को 738 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 मतों से संतोष करना पड़ा। वहीं पार्वती देवी को 301 मत मिले। इस तरह नारायण लाल ने स्पष्ट बढ़त बनाते हुए जीत अपने नाम कर ली।
भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता लगातार प्रचार अभियान में जुटे रहे। घर-घर संपर्क, जनसभाएं और व्यापक रणनीति के बावजूद पार्टी को सफलता नहीं मिल सकी। नारायण लाल की जीत को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि वे प्रसिद्ध गायक और इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन के जीजा हैं। चुनाव प्रचार के दौरान पवनदीप राजन का पाटी पहुंचकर समर्थन देना भी चर्चा में रहा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नारायण लाल की स्थानीय पकड़ और जनसंपर्क के साथ पवनदीप की लोकप्रियता ने भी चुनावी माहौल को प्रभावित किया।
नगर पंचायत सदस्य पदों पर भी दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले। रानीचौड़ वार्ड से शांति देवी, पूनाकोट वार्ड से संगीता और न्यू कॉलोनी वार्ड से नवल पचौली ने अपने-अपने वार्डों में जीत दर्ज की। पाटी नगर पंचायत के नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि स्थानीय मुद्दे और जनविश्वास बड़े राजनीतिक समीकरणों पर भारी पड़ सकते हैं।