हल्द्वानी - छात्रसंघ चुनाव में रैली के नाम पर हाईवे घेरकर हुड़दंग करना पड़ा भारी, 18 नामजद समेत 50 अज्ञात पर FIR

 

हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के बीच तिकोनिया में रैली के दौरान कथित हुड़दंग और अराजकता के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुकेश पांडे के समर्थन में निकाली गई रैली में हाईवे पर यातायात बाधित करने, राहगीरों और फड़-रेहड़ी संचालकों से गालीगलौज व मारपीट के आरोप में पुलिस ने 18 नामजद समेत करीब 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह की तहरीर के अनुसार, 11 सितंबर को कुछ छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों ने तिकोनिया, एमबीपीजी कॉलेज, नैनीताल-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग और ठंडी सड़क पर वाहनों के साथ रैली निकाली। आरोप है कि रैली में शामिल लोगों ने वाहनों पर बड़े-बड़े झंडे लगाए थे और जिगजैग तरीके से वाहन चलाते हुए सड़क पर हुड़दंग किया।

राहगीरों और रेहड़ी संचालकों से अभद्रता का आरोप - 
पुलिस के मुताबिक, रैली के दौरान राह चलते लोगों के साथ गालीगलौज और अभद्रता की गई। विरोध करने पर मारपीट किए जाने का भी आरोप है। फड़, फेरी, रेहड़ी और ठेली लगाने वालों के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की शिकायत सामने आई। आरोप है कि रैली में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को घेर लिया, जिससे आम यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस के अनुसार, इससे आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हुई और मरीजों समेत अन्य लोगों के जीवन को खतरा पैदा होने की स्थिति बनी।

एसएसपी के निर्देश पर पहचान शुरू - 
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता ने पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने रैली में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अराजकता बर्दाश्त नहीं: एसपी सिटी - 
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि सड़क पर हुड़दंग, अराजकता, बलवा, यातायात बाधित करने या आमजन में भय पैदा करने की कोशिश किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।