हल्द्वानी - खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला, रेंजर को कर दिया निलंबित, वन विभाग में मचा हड़कंप
हल्द्वानी - मोटाहल्दु क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई मामले ने तूल पकड़ लिया है। तस्करों और कुछ विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से वन अपराध को अंजाम दिए जाने के आरोपों के बीच तराई केंद्रीय वन प्रभाग के हल्द्वानी रेंज के रेंजर आनंद कुमार को निलंबित कर अल्मोड़ा अटैच कर दिया गया है। इससे पहले इस मामले में वन आरक्षी, वन दरोगा और डिप्टी रेंजर पर भी कार्रवाई हो चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, खैर की लकड़ी की चोरी का यह खेल लंबे समय से चल रहा था, लेकिन विभागीय अधिकारियों के आपसी विवाद के चलते मामला 13 जुलाई को उजागर हुआ। प्रारंभिक जांच में लगभग 81 खैर के पेड़ों की कटाई और उन्हें छुपाने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद DFO यूसी तिवारी ने तत्काल प्रभाव से रेंजर आनंद कुमार को कार्यालय से अटैच कर दिया और अन्य कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया।
मामले की जांच का जिम्मा एसडीओ मनिंदर कौर को सौंपा गया, लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद जांच पूरी नहीं हो सकी। इस बीच मामला लगातार चर्चाओं में बना रहा। अंततः प्रमुख वन संरक्षक डॉ. समीर सिन्हा के निर्देश पर रेंजर आनंद कुमार को निलंबित कर दिया गया।
इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि यह एक संगठित वन अपराध है, जिसमें तस्करों और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत सामने आ रही है। विभागीय उच्च अधिकारी जांच को गंभीरता से ले रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं।