हल्द्वानी - गीता, गंगाजल और हनुमान चालीसा के साथ नशा मुक्ति अभियान शुरू करेंगे हरीश पनेरु, भीमताल में घर- घर पहुंचेंगे
हल्द्वानी/भीमताल - प्रमुख राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु ने भीमताल विधानसभा को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक अनोखे जनजागरूकता अभियान की घोषणा की है। शुक्रवार को हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया जा रहा है। हरीश पनेरु ने कहा कि वर्तमान समय में भीमताल विधानसभा क्षेत्र में नशे और अवैध शराब का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, और चुनावों के दौरान इसका अत्यधिक दुरुपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि इसी कुरीति को समाप्त करने के लिए इस बार वह बिना नशे के चुनाव कराने के लिए जनजागरण अभियान चलाएंगे। पनेरु ने आम जनता से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही भीमताल को नशा मुक्त बनाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वह भीमताल विधानसभा के हर घर तक गंगाजल, श्रीमद्भगवद गीता के अंश और हनुमान चालीसा पहुंचाएंगे। साथ ही लोगों से अपील करेंगे कि वे चुनावों में शराब के प्रयोग का विरोध करें और एक स्वच्छ एवं स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में सहयोग दें। पनेरु ने कहा कि शराब के कारण सैकड़ों परिवार बर्बाद हो चुके हैं और हजारों लोग गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को बचाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह अभियान धार्मिक और सामाजिक मूल्यों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर करने का प्रयास है।
उन्होंने यह भी कहा कि वह इस संदेश को प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक, सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाएंगे। इस दौरान उन्हें गंगाजल, गीता और हनुमान चालीसा भेंट कर नशामुक्त चुनाव कराने की अपील की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान योगी पुरुष बाबा दीन दयाल गिरी जी, बाबा मनमोहन गिरी महाराज, समाजसेवी सुशील भट्ट, तेज सिंह बिष्ट, राज्य आंदोलनकारी पीसी शर्मा, समाजसेवी नारायण सिंह बरगली, नवीन, नरेश और मनोज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।