हल्द्वानी - हरेंद्र को भलाई पड़ी भारी, जिस भूखे को खिलाया खाना वही छीन ले गया मोबाइल, फिर उड़ाए इतने हजार रूपये
हल्द्वानी - रोडवेज बस स्टेशन के पास एक युवक की मदद करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। भूख लगने की बात कहकर मदद मांगने वाले युवक ने खाना खिलाने के बाद उसका मोबाइल छीन लिया और गूगल पे के जरिए खाते से 42 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बडौन खनस्यू ग्राम टीमर निवासी हरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 9 मार्च को रोडवेज बस स्टेशन के पास पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक उनके पास आया और खुद को भूखा बताते हुए खाना खिलाने की गुहार लगाई। मानवता के नाते हरेंद्र सिंह उसे पास के एक ढाबे में ले गए और उसे खाना खिलाया।
खाना खाने के बाद हरेंद्र सिंह ने ढाबे का भुगतान गूगल पे से किया। इसी दौरान युवक ने उनका पिन देख लिया। मौका पाते ही युवक ने हरेंद्र के हाथ से मोबाइल छीन लिया और वहां से फरार हो गया। हरेंद्र सिंह ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। बाद में जब उन्होंने अपने खाते की जांच की तो पता चला कि गूगल पे के माध्यम से उनके खाते से 42 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।
मामले में कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।