हल्द्वानी - छोटे भाई हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को किया गिरफ्तार, हत्या की वजह उगली 

 

हल्द्वानी - बरेली रोड क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मात्र चार घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आर्थिक तंगी और छोटे भाई की बीमारी से परेशान बड़े भाई ने गुस्से में आकर हत्या को अंजाम दिया। आरोपी ने शराब के नशे में अपने छोटे भाई पर लोटे से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के संबंध में वादी अंकित जायसवाल पुत्र संजय जायसवाल निवासी राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि 3 फरवरी की रात करीब 11 बजे उनके चाचा संदीप जायसवाल ने उनके घर आकर छोटे चाचा सोनू जायसवाल के साथ मारपीट की, जिसमें गंभीर चोट लगने से सोनू जायसवाल की मृत्यु हो गई।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना उप निरीक्षक रोहताश सिंह सागर द्वारा की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद नामजद आरोपी संदीप जायसवाल पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद जायसवाल निवासी राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड हल्द्वानी को 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया गया है। बरामद अवैध असलहे के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्तमान में जमानत पर चल रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके छोटे भाई की तबीयत काफी खराब थी और आर्थिक तंगी के कारण इलाज में परेशानी हो रही थी। इसी तनाव में उसने शराब पी और गुस्से में आकर मारपीट कर दी, जिससे भाई की मौत हो गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।