‘’हल्द्वानी की लेखिकाओं को मुजफ्फरनगर में मिला साहित्य प्रज्ञा सम्मान’’
हल्द्वानी - ( जिया सती ) मुजफ्फरनगर में आयोजित एक भव्य साहित्यिक कार्यक्रम में हल्द्वानी की दो प्रतिष्ठित लेखिकाएँ — भारती भट्ट ‘भानु’ और सुमन बर्गली — को साहित्य प्रज्ञा सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें 'एक चिट्ठी भारत माँ के नाम' विषय पर उनकी सशक्त रचनाओं और साहित्यिक गतिविधियों में निरंतर योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ साहित्यकारों ने दोनों लेखिकाओं की रचनाओं को केवल साहित्य का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाली प्रेरक आवाज़ के रूप में सराहा। कार्यक्रम के दौरान आयोजक ज्ञानेश्वरी प्रकाशन के संस्थापक आकाश मालिया ने दोनों को सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
सुमन बर्गली ने अब तक अनेक कहानियाँ, लेख और कविताएँ प्रकाशित की हैं, जिनमें सामाजिक मुद्दों और मानवीय भावनाओं की स्पष्ट अभिव्यक्ति होती है। वहीं भारती भट्ट ‘भानु’ भी स्वतंत्र रूप से कई महत्वपूर्ण साहित्यिक कृतियाँ प्रकाशित कर चुकी हैं, जो पाठकों को गहराई से प्रभावित करती हैं।
दोनों लेखिकाएँ ‘प्राइड ऑफ वुमन’ नामक साझा एंथॉलजी की सह-लेखिका भी हैं, जिसे पाठकों द्वारा खूब सराहा गया। साथ ही, समारोह में शिक्षक दिवस के अवसर पर उनकी नई पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया, जो साहित्य प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी।
फोटो: P1: भारती भट्ट ‘भानु’/ P2: सुमन बर्गली