हल्द्वानी - इस साल 28 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराएगी पुनर्नवा महिला समिति, 2009 से जारी है पहल

 

हल्द्वानी - बेटी की शादी परिवार के लिए खुशियों के साथ-साथ कई बार आर्थिक चुनौती भी बन जाती है। शादी के खर्च का बोझ उठाने के लिए कई परिवारों को कर्ज तक लेना पड़ता है। ऐसे परिवारों की मदद के लिए हल्द्वानी की पुनर्नवा महिला समिति एक सराहनीय पहल कर रही है। समिति इस साल 22 नवंबर को तुलसी विवाह के अवसर पर 28 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराएगी। खास बात यह है कि समिति वर्ष 2009 से लगातार इस आयोजन के जरिए जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग कर रही है।

हल्द्वानी के गोलज्यू मंदिर में हर साल आयोजित होने वाला यह सामूहिक विवाह समारोह जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आता है। समिति की अध्यक्ष लता बोरा ने बताया कि इस पहल की शुरुआत वर्ष 2009 में की गई थी। उनका कहना है कि बेटी की शादी में होने वाला खर्च कई गरीब परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। कई बार परिवारों को शादी के लिए कर्ज तक लेना पड़ता है। इसी आर्थिक बोझ को कम करने के उद्देश्य से समिति हर साल सामूहिक विवाह का आयोजन करती है।

लता बोरा ने बताया कि विवाह आयोजन से पहले लड़का और लड़की दोनों पक्षों की जानकारी जुटाई जाती है। शादीशुदा होने सहित अन्य जरूरी तथ्यों की जांच की जाती है और दोनों पक्षों के पहचान पत्र भी लिए जाते हैं, ताकि विवाह की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।