हल्द्वानी - फिर छावनी में बदल जाएगा बनभूलपुरा, रेलवे अतिक्रमण पर सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई, इस नंबर पर लगा है केस 

 

हल्द्वानी - बहुचर्चित बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में नौ सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। कोर्ट की ऑनलाइन कॉज लिस्ट में मामले को तीसरे नंबर पर सूचीबद्ध किया गया है। ऐसे में इस सुनवाई के दौरान मामले में महत्वपूर्ण आदेश आने की संभावना जताई जा रही है। सुनवाई को देखते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन ने भी निगरानी बढ़ा दी है।

रेलवे ने बनभूलपुरा क्षेत्र में करीब 31 हेक्टेयर भूमि पर अपना दावा किया है। इस भूमि से अतिक्रमण हटाने का मामला पहले उत्तराखंड हाई कोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद जिला प्रशासन और रेलवे की टीम ने न्यायालय के निर्देश पर स्थानीय लोगों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन भी भरवाए थे। इसके बाद मामले में लंबे समय से सुनवाई नहीं हो सकी थी।

नौ सितंबर को सुनवाई पर टिकी नजर -
अब सुप्रीम कोर्ट की ओर से नौ सितंबर की तारीख निर्धारित होने के बाद स्थानीय लोगों, रेलवे और प्रशासन की नजर इस सुनवाई पर टिकी है। याचिकाकर्ता अब्दुल मतीन सिद्दीकी के अनुसार, मामला कोर्ट की सूची में तीसरे नंबर पर है। इससे इस बार सुनवाई होने की उम्मीद बढ़ गई है।

सुनवाई से पहले होगा फ्लैग मार्च - 
सुनवाई को देखते हुए पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है। सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई से पहले पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।