हल्द्वानी - विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, सिविल कोर्ट का नायब नाजिर 3500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
हल्द्वानी - ऊधमसिंहनगर के बाजपुर स्थित सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर को कोर्ट फीस के नाम पर 3500 रुपये की रिश्वत लेते हुए सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके विरुद्ध एनआई एक्ट (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) का मामला सिविल कोर्ट बाजपुर में विचाराधीन है। मामले में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो चुका था। शिकायतकर्ता जब राजीनामा दाखिल करने कोर्ट पहुंचा तो वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर 3500 रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।
गुरुवार (16 जुलाई 2026) को विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बाजपुर न्यायालय परिसर स्थित कार्यालय में आरोपी ओम चौहान पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम निवाड़मुण्डी, पोस्ट एवं थाना जसपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को शिकायतकर्ता से 3500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में अग्रिम विवेचना जारी है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल ट्रैप कार्रवाई करने वाली टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर देने की अपील की है।