हल्द्वानी - प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में बी.फार्मा की पढ़ाई करने वाली छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखी यह बात
हल्द्वानी - शहर के काठगोदाम थाना क्षेत्र के शीशमहल इलाके से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहां एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में बी.फार्मा की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची काठगोदाम थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के अनुसार, मृतका ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने साफ लिखा है कि उसकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है। सूत्रों के अनुसार आज सुबह मां के साथ उसका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, मृतका के पिता बिजली विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों व सहपाठियों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।