हल्द्वानी - छात्र संघ चुनावों से पहले सख्त हुए नियम, पोस्टर और रैली पर प्रतिबंध, MBPG में लिंगदोह समिति की बैठक का आयोजन
हल्द्वानी - छात्र संघ चुनावों को लेकर एमबीपीजी कॉलेज में तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले पुलिस और प्रशासन ने संभावित प्रत्याशियों के लिए नियम सख्त कर दिए हैं। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में पुलिस, प्रशासन, कॉलेज प्रशासन और छात्र संघ चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के साथ लिंगदोह समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि चुनाव प्रचार के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आगामी छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। बैठक में अधिकारियों ने संभावित प्रत्याशियों को चुनाव से जुड़े नियमों की जानकारी दी और लिंगदोह कमेटी की निर्देशिका का अध्ययन करने के बाद ही उसके अनुरूप चुनावी गतिविधियां संचालित करने को कहा।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कॉलेज परिसर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी। विद्यार्थियों को कॉलेज में प्रवेश के दौरान अपना पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। बिना पहचान पत्र के छात्रों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
चुनाव प्रचार को लेकर भी सख्ती बरती जाएगी। कॉलेज परिसर के भीतर किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार अथवा कार्यक्रम आयोजित करने से पहले कॉलेज प्रशासन से कम से कम एक दिन पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके अलावा कॉलेज परिसर या उसके बाहर किसी भी प्रकार के प्रिंटेड पोस्टर लगाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रत्याशी प्रचार के लिए केवल हाथ से बनाए गए पोस्टर और पंपलेट का ही इस्तेमाल कर सकेंगे।
रैली और जुलूस को लेकर भी संभावित प्रत्याशियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर किसी भी प्रकार की रैली का आयोजन प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही रात के समय कॉलेज परिसर में घूमने अथवा प्रचार-प्रसार करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित छात्र के कृत्य को छात्र गतिविधि के बजाय आम नागरिक का कृत्य मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी और विश्वविद्यालय की ओर से जारी संविधान एवं चुनाव संबंधी निर्देशिका वितरित की गई। प्रत्याशियों से निर्देशिका प्राप्त करने और उसमें दिए गए नियमों का पालन करने के संबंध में हस्ताक्षर भी करवाए गए। अधिकारियों ने कहा कि छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी प्रत्याशियों और छात्रों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एबी बाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, एमबीपीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बनकोटी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला, डॉ. मनीषा तिवारी, छात्र संघ प्रभारी डॉ. एलएम पांडे, डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. एचएस भाकुनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, चौकी प्रभारी भोटिया पड़ाव कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिसूचना मनोज कुमार समेत छात्र संघ चुनाव में विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी मौजूद रहे।