हल्द्वानी - दिनदहाड़े झपटमारी, भगवान की तस्वीर दिखाकर महिला के कुंडल लूटे, घर के बाहर खड़ी थी महिला

 

हल्द्वानी - शहर में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला हरिपुर जमन सिंह क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े स्कूटी सवार दो युवकों ने भगवान की तस्वीर दिखाकर एक महिला को बातों में उलझाया और उसके कानों से सोने के कुंडल झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र की महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

घर के बाहर खड़ी थी महिला - 
पीड़िता नरमा ने हल्द्वानी कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 24 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे वह हरिपुर जमन सिंह स्थित अपने घर के बरामदे में खड़ी थीं। उनका घर सड़क किनारे है। इसी दौरान नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। एक युवक ने भगवान की तस्वीर दिखाकर उनका ध्यान भटकाया, जबकि दूसरे ने अचानक झपट्टा मारकर उनके कानों से सोने की दोनों बालियां निकाल लीं। महिला के संभलने से पहले ही आरोपी स्कूटी से फरार हो गए।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं - 
कोतवाली क्षेत्र में इससे पहले भी चेन स्नेचिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक मामले में बीच बाजार से महिला का मंगलसूत्र झपट लिया गया था, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस - 
विजय मेहता, कोतवाल हल्द्वानी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्कूटी नंबर के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आने की अपील की है।