हल्द्वानी- कल छात्र संघ चुनाव से पहले अलर्ट मोड़ पर पुलिस, पूरे कॉलेज इलाके में किया फ्लैग मार्च 

 

हल्द्वानी - मोती राम बाबू राम राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज MBPG में 29 सितंबर को होने जा रहे छात्रसंघ निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव को लेकर कॉलेज सभागार में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान लिंगदोह कमेटी के सभी मापदंडों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। परिसर के भीतर और बाहर अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।

सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम - 
 सघन चेकिंग व ड्रोन निगरानी: मुख्य चौराहों, बैरियरों और प्रवेश द्वारों पर तैनात टीमें फ्रिस्किंग और चेकिंग करेंगी। पूरे क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

 ट्रैफिक व जीरो जोन व्यवस्था: जीरो जोन के भीतर छात्रों के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। यातायात को सुचारू रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।

 क्राउड कंट्रोल व मोबाइल गश्त: अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने के लिए पुलिस मोबाइल टीमें लगातार गश्त पर रहेंगी।

 मतगणना केंद्र की सुरक्षा: मतगणना केंद्र पर तैनात पुलिस बल को शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशानिर्देश दिए। वहीं MBPG कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एन.एस. बनकोटी ने सुरक्षा व्यवस्था और सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

भारी पुलिस बल तैनात, निकाला गया फ्लैग मार्च - 
चुनाव में सुरक्षा के लिए 6 पुलिस क्षेत्राधिकारी (GOs), 9 निरीक्षक, 47 उप-निरीक्षक (SI/SSI), 16 महिला उप-निरीक्षक, 114 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 34 महिला कांस्टेबल के अलावा एंटी-रॉयट टीम, टीयर गैस यूनिट, फायर ब्रिगेड और IRB/PAC की कंपनी तैनात की गई है। ब्रीफिंग के उपरांत पुलिस बल ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर शांतिपूर्ण मतदान का संदेश दिया।

इस दौरान सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता समेत जनपद के विभिन्न थानों के प्रभारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।