हल्द्वानी - पाल कॉलेज में दीक्षारंभ 2026 का समापन, विद्यार्थियों को दिए सफलता और आत्मविश्वास के मंत्र
हल्द्वानी - पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (PCTM) में आयोजित पांच दिवसीय ‘दीक्षारंभ 2026’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अकादमिक जीवन की शुरुआत से पहले व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व, संवाद और जीवन कौशल से जोड़ना रहा। कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रो. मुकेश पांडेय ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, मेहनत और पूर्ण समर्पण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। ‘Impossible’ में ही ‘I’m Possible’ का संदेश छिपा है। निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ कठिन से कठिन लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है।
पांच दिनों में विद्यार्थियों ने की विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता -
दीक्षारंभ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हल्दूचौड़ स्थित गौधाम, एफआरआई की रामायण वाटिका और महाभारत वाटिका का भ्रमण किया। इसके अलावा एनएसएस एवं स्वच्छ कैंपस गतिविधियों, स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण सत्र, एलुमनाई इंटरैक्शन, खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों के साथ विभिन्न प्रेरणादायक सत्रों में भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर सीखने और कॉलेज जीवन को व्यापक दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ व्यक्तित्व और जीवन कौशल के विकास की दिशा में भी प्रेरित किया।
‘कक्षा से करियर तक’ सशक्त शुरुआत -
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, पांच दिवसीय कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ‘कक्षा से करियर तक—एक सशक्त शुरुआत’ के रूप में रहा। विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि कॉलेज उनके लिए नए अवसरों का मंच है और निरंतर मार्गदर्शन, प्रयास एवं आत्मविश्वास के साथ वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
कार्यक्रम में अध्यक्ष नारायण पाल, प्रबंध निदेशक निर्भय पाल, सचिव कामिनी पाल और सीईओ अतुल पाल की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन रहा। प्रबंधन ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।