हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में तमंचा लेकर घुसा युवक, छात्रों ने पकड़ा, मचा हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 

हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मी के बीच बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक कथित तौर पर तमंचा लेकर कॉलेज परिसर में पहुंच गया। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए छात्रों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल बरामद होने की बात सामने आई है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि छात्रों ने युवक को पकड़ने के बाद उसके साथ मारपीट की और उसे प्राचार्य कक्ष में ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस कॉलेज पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बरामद हथियार को भी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों में आक्रोश है। छात्रों ने प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी का घेराव कर कॉलेज परिसर में लगातार बाहरी और असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर सवाल उठाए। छात्रों का आरोप है कि चुनावी माहौल के बीच कॉलेज में लगातार विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है।

छात्रों का कहना है कि कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद विद्यार्थियों और बाहरी लोगों को बिना परिचय पत्र की जांच के परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि युवक के पास से बरामद तमंचा पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।