हल्द्वानी - 25 लाख उधार लेकर की शादी, फिर कार की मांग पर विवाहिता को पीटने के आरोप, पति समेत चार पर मुकदमा 
 

 

हल्द्वानी - दहेज में कार नहीं मिलने से नाराज ससुरालियों पर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकालने का आरोप लगा है। मामले में मुखानी कोतवाली पुलिस ने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नवाड़ सैलानी फतेहपुर निवासी विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 23 अप्रैल 2024 को दुम्काबंगर हल्दूचौड़ निवासी पंकज दुम्का के साथ हुआ था। विवाह में मायके पक्ष ने जेवरात, घरेलू सामान और दान स्वरूप मिले तीन लाख रुपये समेत काफी सामान दिया था। विवाहिता का कहना है कि परिवार ने रिश्तेदारों से करीब 25 लाख रुपये उधार लेकर शादी का खर्च उठाया।

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष दहेज में कार की मांग करने लगा और विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। उसने पति पर किसी अन्य महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया है। विवाहिता के मुताबिक, 26 अप्रैल 2025 को गालीगलौज और मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके जेवरात ससुरालियों ने अपने पास रख लिए।


एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दहेज उत्पीड़न के मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।