हल्द्वानी - क्या शहर में आने वाला है पेट्रोल संकट, कई पंपों पर पेट्रोल समाप्त के लगे नोटिस, जानिए प्रशासन ने क्या कहा 
 

 

हल्द्वानी -  मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के असर से देश के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसी क्रम में हल्द्वानी में भी पेट्रोल संकट की स्थिति देखने को मिल रही है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर “पेट्रोल समाप्त है” के नोटिस लगे हुए हैं, जिससे वाहन चालकों में चिंता का माहौल बन गया है। शहरवासियों की भारी भीड़ देखी जा रही है, जो अपनी स्कूटी, बाइक और कार की टंकियां भराने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, पीछे से सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। कई पंपों पर प्रीमियम पेट्रोल उपलब्ध है, लेकिन सामान्य पेट्रोल की कमी बनी हुई है।

 

पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चड्ढा ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह गंभीर नहीं है, लेकिन कंपनियां मांग के अनुसार सप्लाई नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें, जमाखोरी से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले दो-तीन दिनों में सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

 

सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ने कहा कि सभी पेट्रोलियम कंपनियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और फिलहाल सप्लाई में कोई बड़ी बाधा नहीं है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना वाहन के किसी अन्य माध्यम से पेट्रोल-डीजल का भंडारण नहीं किया जाएगा। प्रशासन और डीलर्स दोनों ही हालात पर नजर बनाए हुए हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही सप्लाई सामान्य हो जाएगी।