हल्द्वानी - फ्लाईओवर हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार दोस्तों को कुचला, अस्पताल में चीखती रहीं बहनें भाई को जिन्दा कर दो 

 

हल्द्वानी - गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार रात करीब 10 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने फ्लाईओवर पर मौजूद चार दोस्तों को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान गोरापड़ाव हाथीखाल निवासी 17 वर्षीय राहुल राजपूत, गोरापड़ाव निवासी 25 वर्षीय शिवम, बेरीपड़ाव निवासी 20 वर्षीय अंशु आर्य और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा के रूप में हुई है।

हादसे के बाद डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में शोक का माहौल छा गया। राहुल राजपूत की मौत की सूचना मिलते ही उसकी मां, दोनों बहनें और भाई अस्पताल पहुंचे। राहुल की बहन डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर भाई को बचाने की गुहार लगाती रही। उसकी दर्दभरी पुकार—"साहब, मेरे भाई को जिंदा कर दो"—सुनकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

जब पुलिस पोस्टमार्टम के लिए राहुल का शव मोर्चरी ले जाने लगी तो परिजनों ने शव से लिपटकर उसे जाने नहीं दिया। काफी समझाने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। राहुल दो भाइयों और दो बहनों में से एक था और लालकुआं स्थित एक वायर कंपनी में कार्यरत था।

दूसरे मृतक शिवम के माता-पिता बेटे का शव देखकर बेसुध हो गए। बड़ा भाई आकाश शव को लेकर आईसीयू पहुंच गया और डॉक्टरों से दोबारा जांच करने की गुहार लगाने लगा। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए कुछ देर के लिए शव को आईसीयू तक ले जाने की अनुमति दी गई। वहीं अंशु आर्य की पहचान उसके साथियों ने की। देर रात तक उसके परिजन अस्पताल नहीं पहुंच सके थे।

हादसे की वजह पर संशय, सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज - 
हादसे को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों युवक फ्लाईओवर पर खड़े थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि युवक गलत दिशा में थे, जिसके चलते हादसा हुआ।

हालांकि पुलिस ने किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी। फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि हादसे के समय युवक किस स्थिति में थे और स्कॉर्पियो किस दिशा व रफ्तार से आ रही थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।