हल्द्वानी - दहेज में बुलेट और 5 लाख रुपये की मांग, कोहिनूर की हत्या के आरोप में पति-सास, जेठ और ननद गिरफ्तार

 

रामनगर - नैनीताल जिले के रामनगर में 20 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग को लेकर कोहिनूर को प्रताड़ित किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विवाद के दौरान गला दबाकर कोहिनूर की हत्या की गई और बाद में इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई।

पुलिस के अनुसार, कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र निवासी उवेश के साथ हुआ था। शादी के महज पांच महीने बाद ही उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता नसीम अहमद निवासी बुढ़नपुर, जिला मुरादाबाद ने 18 अक्टूबर को रामनगर कोतवाली में तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया था।

शिकायत में बताया गया कि शादी के दौरान अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी। आरोप है कि इसी मांग को लेकर कोहिनूर को प्रताड़ित किया जाता था। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

विवाद के दौरान हत्या का आरोप - 
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की जांच और पूछताछ में दहेज की रकम और पारिवारिक मामलों को लेकर कोहिनूर और उसके पति के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन भी कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए।

जांच में आरोप है कि विवाद के दौरान कोहिनूर को पकड़कर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया और उसकी गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया गया।


पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार - 
पुलिस ने मामले में मृतका के पति उवेश (22), सास नसरीन (50), जेठ अनस (23) और ननद शबा (20) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर के नेतृत्व में जारी है। जांच के दौरान अन्य संभावित पहलुओं और साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।