हल्द्वानी - अपनी गाड़ी में नहीं डलवाना चाहते हैं E20 तो इन पम्पों पर मिलेगा शुद्ध पेट्रोल, जेब भी करनी होगी ज्यादा ढ़ीली 

 

हल्द्वानी - कुमाऊं के वाहन चालकों के लिए राहत और नया विकल्प लेकर भारत पेट्रोलियम 15 अगस्त से शुद्ध (इथेनॉल रहित) पेट्रोल की बिक्री शुरू करने जा रहा है। पहले चरण में हल्द्वानी, काठगोदाम और रामनगर स्थित तीन चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर यह सुविधा उपलब्ध होगी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 169 रुपये प्रति लीटर होगी, जो सामान्य पेट्रोल की तुलना में काफी अधिक रहेगी।

शुद्ध पेट्रोल मुख्य रूप से विंटेज कारों, हाई-परफॉर्मेंस वाहनों, स्पोर्ट्स बाइक, बोट इंजन, जेनरेटर तथा ऐसे इंजनों के लिए उपयोगी माना जाता है, जिनमें लंबे समय तक ईंधन सुरक्षित रखना पड़ता है। इथेनॉल रहित होने के कारण इसमें नमी और जंग लगने की संभावना कम रहती है, जिससे इंजन की कार्यक्षमता और सुरक्षा बेहतर बनी रहती है।

वर्तमान में अधिकांश पेट्रोल पंपों पर 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित (E20) पेट्रोल की बिक्री हो रही है। विशेष श्रेणी के वाहन मालिकों की मांग को देखते हुए भारत पेट्रोलियम ने कुमाऊं में शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।यह सुविधा हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव स्थित गुरुनानक सर्विस स्टेशन, काठगोदाम के आरए नरीमन पेट्रोल पंप और रामनगर के कॉर्बेट पार्क फिलिंग स्टेशन पर मिलेगी। इसके लिए इन पंपों पर अलग से टैंक और डिस्पेंसिंग यूनिट स्थापित की जा रही है।

पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन कुमाऊं मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा ने बताया कि अभी तक कुमाऊं के किसी भी पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध नहीं है। 15 अगस्त से तीन पंपों पर इसकी बिक्री शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। इससे विंटेज और विशेष श्रेणी के वाहनों के मालिकों को अपनी जरूरत के अनुसार ईंधन का नया विकल्प मिल सकेगा।