हल्द्वानी - शादीशुदा पति का युवती पर आया दिल, शादी की जिद पर पत्नी से की जमकर मारपीट, मुकदमा हुआ दर्ज 

 

हल्द्वानी - बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसके पति का दूसरी महिला से संबंध है और वह उससे शादी करने की जिद को लेकर आए दिन विवाद करता है।

इन्द्रानगर काबुल गेट निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब ढाई वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति उसके साथ मारपीट करने लगा। महिला का कहना है कि उसके पति सलमान का किसी अन्य युवती से संबंध है और वह उससे शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ है।

पीड़िता के अनुसार जब भी वह इसका विरोध करती है तो पति उससे झगड़ा करता है और कई बार मारपीट कर चुका है। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी देता है, जिससे उसे अपनी जान-माल का खतरा बना हुआ है। महिला ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बनभूलपुरा थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।