हल्द्वानी - पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में VIMUN 2026 का भव्य समापन, युवा नेतृत्व एवं कूटनीति का बना उत्कृष्ट मंच

 

हल्द्वानी - पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (PCTM), हल्द्वानी एवं विज़नरी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय Visionary India Model United Nations (VIMUN) 2026 का आज भव्य समापन समारोह उत्साह, गरिमा एवं युवा नेतृत्व की प्रेरणादायक भावना के साथ सम्पन्न हुआ।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सुमित हृदयेश, विधायक, हल्द्वानी रहे। उन्होंने विभिन्न समितियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिनिधियों (Delegates) को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने पाल कॉलेज एवं विज़नरी इंडिया द्वारा विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऐसा शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराने की सराहना की, जहाँ वे नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद, कूटनीति, वार्ता कौशल तथा समसामयिक वैश्विक विषयों की गहन समझ विकसित कर सकें। उन्होंने युवाओं को भविष्य के उत्तरदायी नेतृत्व हेतु ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक निर्भय पाल, नारायण पाल, सचिव कामिनी पाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अतुल पाल एवं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर शिवांगी पाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी गणमान्य अतिथियों ने VIMUN 2026 के सफल आयोजन पर आयोजक टीम एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए इसे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं वैश्विक दृष्टिकोण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।


कार्यक्रम में जनसंपर्क अधिकारी (PRO) शुभांगी शांडिल्य, हेड ऑफ ऑपरेशन्स भानु भिष्ट, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।

Visionary India की ओर से Co-Founder एवं Director General हरमन सिंह, Deputy Secretary General अनिश्का, Associate Team Member ओजस्विन, Co-Founder ऋषभ खत्री तथा Financial Advisor स्वर्णिम ने सभी प्रतिभागियों, फैकल्टी मेंटर्स एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि VIMUN 2026 विद्यार्थियों के लिए सीखने, विचार-विमर्श करने एवं नेतृत्व कौशल विकसित करने का एक अविस्मरणीय अनुभव रहा।


समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण दो दिवसीय सम्मेलन के अंतर्गत गठित संयुक्त राष्ट्र की छह विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों का पुरस्कार वितरण समारोह रहा। उत्कृष्ट शोध, प्रभावशाली कूटनीति, तर्कशक्ति, वार्ता कौशल एवं समिति में उल्लेखनीय प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभागियों को निम्नलिखित श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

•    Best Delegate
•    High Commendation
•    Special Mention
•    Verbal Mention
इसके अतिरिक्त सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए सभी प्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि सुमित हृदयेश द्वारा सहभागिता प्रमाण-पत्र (Participation Certificates) प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का समापन Prism Band की शानदार एवं मनमोहक संगीत प्रस्तुति के साथ हुआ। बैंड के ऊर्जावान प्रदर्शन ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का भरपूर मनोरंजन किया तथा पूरे समारोह को यादगार बना दिया।


VIMUN 2026 ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहाँ उन्होंने वैश्विक मुद्दों पर सार्थक विमर्श करते हुए कूटनीतिक सोच, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं उत्तरदायी नागरिकता के मूल्यों को आत्मसात किया।


इस सफल आयोजन के माध्यम से पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, हल्द्वानी ने एक बार पुनः यह सिद्ध किया कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, वैश्विक दृष्टिकोण एवं समग्र व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


VIMUN 2026 : द्वितीय दिवस की समिति चर्चाओं की मुख्य झलकियाँ
VIMUN 2026 के दूसरे दिन विभिन्न संयुक्त राष्ट्र एवं विशेष समितियों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के समसामयिक विषयों पर गहन विचार-विमर्श, तथ्यपरक बहस एवं कूटनीतिक संवाद आयोजित किए गए।


लोकसभा समिति में राष्ट्रीय सुरक्षा एवं राष्ट्रीय अखंडता से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने मतदाता धोखाधड़ी (Voter Fraud) के प्रभावों एवं उसके समाधान पर तथ्यात्मक एवं व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए। प्रश्नकाल के दौरान विशेष रूप से SIR रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें विभिन्न प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे तथा अंत में गृह मंत्री अमित शाह के प्रतिनिधि ने चर्चा का समापन किया।
आईपीएल समिति में इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर खिलाड़ियों की नीलामी (Player Auction) आयोजित की गई। प्रत्येक खिलाड़ी की आधार कीमत से बोली प्रारंभ हुई तथा विभिन्न टीमों ने प्रतिस्पर्धात्मक बोली लगाकर 100 से अधिक खिलाड़ियों को अपनी टीमों में शामिल किया। रणनीतिक चयन एवं टीम प्रबंधन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ टीम के चयन की प्रक्रिया भी आयोजित की गई, जिसने प्रतिभागियों में उत्साह का संचार किया।


संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) में प्रतिनिधियों ने अपने जनरल स्पीकर्स लिस्ट (GSL) के माध्यम से विचार प्रस्तुत किए। इसके उपरांत ओपन डिबेट एवं मॉडरेटेड कॉकस (औपचारिक बहस) के दौरान मानवाधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा हुई।


संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में विश्व की वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों, वैश्विक शांति एवं सुरक्षा तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को सुदृढ़ बनाने के उपायों पर प्रतिनिधियों ने रचनात्मक बहस की और अनेक व्यवहारिक समाधान प्रस्तुत किए।
संयुक्त राष्ट्र महिला स्थिति आयोग (UNCSW) में लैंगिक असमानता एवं जेंडर आधारित अस्थिरता (Gender-Based Instability) विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। अमेरिका, क्रोएशिया, फ्रांस एवं कनाडा के प्रतिनिधिमंडलों ने प्रभावशाली तर्कों एवं कूटनीतिक संवाद के माध्यम से समिति की कार्यवाही में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


दूसरे दिन की सभी समिति चर्चाओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट शोध, प्रभावशाली वक्तृत्व, तार्किक सोच, कूटनीतिक कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए VIMUN 2026 के उद्देश्य वैश्विक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक संवाद एवं जिम्मेदार नेतृत्व के विकास को सफलतापूर्वक साकार किया।