उत्तराखंड - जंगल में लापता महिला भालू के चंगुल से छूटकर रातभर पेड़ के सहारे छिपी रही, इलाके में दहशत
Nov 20, 2025, 13:34 IST
उत्तराखंड - चमोली जनपद के पोखरी विकासखंड में घास लेने गई एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। पाव गांव की 42 वर्षीय रामेश्वरी बुधवार को जंगल गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। चिंता बढ़ने पर ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम के साथ मिलकर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण तलाश रोकनी पड़ी।
गुरुवार सुबह पुनः खोजबीन शुरू की गई तो महिला जंगल में एक पेड़ के सहारे गंभीर हालत में पड़ी मिली। उसके चेहरे और मुंह पर भालू के हमले के गहरे निशान थे। बताया जा रहा है कि महिला किसी तरह भालू के चंगुल से छूटकर रातभर पेड़ के सहारे छिपी रही।
ग्रामीणों द्वारा तुरंत उसे जंगल से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने आसपास के जंगल में निगरानी बढ़ा दी है।