उत्तराखंड - राजस्थान जा रही वोल्वो बस में लगी आग, 2 विदेशी समेत इतने यात्री बाल-बाल बचे, रोंगटे खड़े करने वाला मंजर
उत्तराखंड - हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। ऋषिकेश से जयपुर जा रही यात्रियों से भरी वोल्वो बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बस में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें ब्राजील की दो महिला विदेशी नागरिक भी शामिल थीं। जानकारी के अनुसार, वोल्वो बस मंगलवार रात ऋषिकेश से राजस्थान के जयपुर के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 12 बजे बहादराबाद थाना क्षेत्र के बढेड़ी राजपूताना गांव के पास हाईवे पर चलती बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरातफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तत्काल सड़क किनारे रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम को भी सूचना दी गई। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। आग की लपटों में बस का पिछला हिस्सा और यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार, बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें ब्राजील की दो महिला पर्यटक भी शामिल थीं। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। बाद में यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद दोनों विदेशी महिलाओं ने हरिद्वार पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने से उनकी जान बच सकी।