उत्तराखंड - युवती को प्रेमजाल में फंसाकर बनाए संबंध, बच्ची के जन्म के बाद दोनों को छोड़कर फरार, मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड - राजधानी देहरादून में एक शादीशुदा व्यक्ति द्वारा खुद को रसूखदार और अमीर बताकर एक युवती को धोखा देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर उससे अवैध संबंध बनाए और जब उनके यहां एक बेटी का जन्म हुआ, तो वह दोनों को छोड़कर फरार हो गया। रायपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूजा-पाठ के बहाने घर आने लगा आरोपी -
पीड़िता ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि आरोपी राकेश चंद पूजा-पाठ करवाने के बहाने उसके घर आने-जाने लगा। धीरे-धीरे उसने स्वयं को बड़ा बिल्डर बताते हुए देहरादून और दिल्ली में कई मकान और फ्लैट होने का दावा किया। बड़े-बड़े सपने और झूठी शान दिखाकर उसने परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा, जिस पर परिवार सहमत हो गया।
शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध -
पीड़िता का आरोप है कि शादी की बात आगे बढ़ती रही, लेकिन राकेश लगातार किसी न किसी बहाने से शादी की तारीख टालता रहा। इसी बीच उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। पीड़िता द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाने पर उसने बताया कि उसकी पहले से शादी हो चुकी है और तलाक का मामला अदालत में लंबित है। तलाक होने पर शादी करने का आश्वासन दिया।
किराये के कमरे में रखा, बेटी होने के बाद व्यवहार बदल गया -
आरोप है कि आरोपी ने फरवरी 2021 से दिसंबर 2022 तक युवती को देहरादून के कैनाल रोड स्थित एक किराये के कमरे में रखा। इसी दौरान उनके यहां एक बच्ची का जन्म हुआ। कुछ समय बाद आरोपी के व्यवहार में बदलाव आने लगा और वह अचानक उन्हें मायके में छोड़कर गायब हो गया।
मारने की धमकी देकर टाल रहा शादी की बात
पीड़िता ने बताया कि अब जब भी वह शादी की बात करती है, तो आरोपी उसे धमकी देता है और जान से मारने की बात करता है। थानाध्यक्ष रायपुर गिरीश नेगी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी राकेश चंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।