उत्तराखंड - दूध लेकर घर लौट रही महिला पर हाथी का हमला, उपचार के दौरान मौत, क्षेत्र में घटना से ग्रामीणों में आक्रोश
उत्तराखंड - देहरादून के डोईवाला थानों क्षेत्र में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही के बीच सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बड़ासी ग्रांट में दूध लेकर घर लौट रही 40 वर्षीय महिला अंजली गुप्ता पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तत्काल देहरादून के कंबाइंड मेडिकल इंस्टीट्यूट (सीएमआई) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान कुछ घंटे बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत के साथ ग्रामीणों में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे अंजली गुप्ता दूध लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बड़ासी ग्रांट क्षेत्र में जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएमआई अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दिन में खेतों में दिखा था हाथी -
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, महिला पर हमले से पहले दिन में सौड़ा सरोली क्षेत्र के खेतों में जंगली हाथी देखा गया था। हाथी के खेतों में घूमने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद शाम को हाथी के हमले की घटना से ग्रामीणों में वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
विधायक समेत जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे -
घटना की जानकारी मिलने पर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला समेत अन्य जनप्रतिनिधि देर रात अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सोलर फेंसिंग की मांग पर ग्रामीणों का जोर -
ग्रामीणों का कहना है कि थानों और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से जंगली हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। हाथियों के आबादी वाले इलाकों में आने से लोगों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में सोलर फेंसिंग लगाने की मांग करते आ रहे हैं।
ग्राम प्रधान राहुल मनवाल ने बताया कि गत 15 जनवरी को थानों में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में भी ग्रामीणों ने डोईवाला एसडीएम और विधायक के समक्ष क्षेत्र में सोलर फेंसिंग लगाने की मांग रखी थी। उनका कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
राहुल मनवाल ने महिला की मौत पर गहरा दुख जताते हुए क्षेत्र में तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाने और सोलर फेंसिंग लगाने की मांग दोहराई। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।