उत्तराखंड - महिला ने दो बच्चों समेत नहर में लगाई छलांग, लोगों ने बचाई मासूमों की जान, लापता महिला का मिला शव
उत्तराखंड - विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पुल नंबर एक डाक्टरगंज के पास एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ शक्ति नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद तैराक युवकों ने बहादुरी दिखाते हुए दोनों बच्चियों को सकुशल बचा लिया, लेकिन महिला तेज बहाव में बह गई। बाद में एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने महिला का शव बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार अपराह्न करीब साढ़े चार बजे महिला अपनी दो बेटियों के साथ पुल नंबर एक के आसपास घूम रही थी। इसी दौरान उसने अचानक दोनों बच्चियों समेत शक्ति नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद युवकों ने घटना को देखते ही तुरंत नहर में छलांग लगाई और तीन वर्षीय आर्वी चंदेल तथा तीन माह की मासूम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि तब तक महिला नहर की लहरों में बह चुकी थी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज बाजार अर्जुन गुसाईं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद महिला का शव आज रविवार को बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में महिला की पहचान किरन चंदेल (28) पत्नी धीरज चंदेल, निवासी मंडी चौक विकासनगर, मूल निवासी ग्राम जाखन बिन्हार, विकासनगर के रूप में हुई है। दोनों बच्चियों को उपचार के लिए लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।