उत्तराखंड - मायके जाते समय पति-पत्नी में विवाद, एक वर्षीय बेटी को लेकर नहर में कूदी महिला, तलाश जारी
उत्तराखंड - हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूद गई। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।
पुलिस के अनुसार, कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सविता और दो बच्चों के साथ बाइक से बहादराबाद स्थित ससुराल जा रहे थे। रास्ते में दौलतपुर के पास किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर महिला ने बाइक रुकवाई और अपनी एक वर्षीय बेटी को लेकर गंगनहर में छलांग लगा दी। घटना के दौरान चार वर्षीय बेटा सुरक्षित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बहादराबाद थाना पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोर नहर में महिला और बच्ची की तलाश में जुटे हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। महिला और बच्ची की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।