उत्तराखंड - दर्दनाक हादसा, रात में कंपनी के जनरेटर रूम में सोए दो इंजीनियरों की मौत, मचा कोहराम
देहरादून - ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सिंधु सेंटर में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक इंटरनेट कंपनी में कार्यरत दो इंजीनियरों की जनरेटर रूम में दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। जानकारी के अनुसार, सिंधु सेंटर में ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड नाम की इंटरनेट कंपनी में रोहित सिंह और लव कुश कार्यरत थे। मंगलवार देर रात दोनों जनरेटर रूम में सो गए। आशंका है कि कमरे में दम घुटने के कारण दोनों की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
घटना का पता उस समय चला जब कंपनी के एक कर्मचारी ने दोनों को फोन किया। काफी देर तक फोन नहीं उठने पर एक अन्य कर्मचारी ने जनरेटर रूम का दरवाजा खोला। अंदर दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में 29 वर्षीय रोहित सिंह हरिद्वार का रहने वाला था, जबकि लव कुश मूल रूप से फैजाबाद, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।