उत्तराखंड - दुःखद, सड़क पर टूटे पड़े विद्युत तार ने ली मां-बेटी की जान, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
उत्तराखंड - ऋषिकेश के खदरी क्षेत्र में सड़क पर टूटकर पड़े विद्युत तार की चपेट में आने से मां और मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि मृतकों के गांव सौड़ में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग क्षेत्र की भरपूर पट्टी के सौड़ गांव निवासी हरपाल सिंह जेठुड़ी की पत्नी अपनी छोटी बेटी के साथ जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पर टूटे पड़े विद्युत तार की चपेट में दोनों आ गईं। करंट लगने से मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हादसे को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क पर टूटी विद्युत लाइन पड़े होने के बावजूद समय रहते इसे हटाया या बिजली आपूर्ति बंद क्यों नहीं की गई।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हादसे ने विद्युत लाइनों की सुरक्षा और विभागीय लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।